ब्रेक जाम होने से सात घंटे स्टेशन पर खड़ी रही पैसेंजर
गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से सीतापुर को जाने के दौरान ब्रेक जाम होने से पैसेंजर ट्रेन करीब सात घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। इससे उसमें सफर कर रहे महिला-बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों समेत सैकड़ों यात्रियों को खूब दिक्कत झेलनी पड़ीं।
दिल्ली से सीतापुर जा रही पैसेंजर ट्रेन बुधवार की देर रात को 3.05 बजे सिंभावली के रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ब्रेक जाम होने से ट्रेन आगे नहीं बढ़ पाई। ड्राइवर समेत टेक्निकल स्टाफ ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत की, लेकिन इसके बाद भी ट्रेन आगे बढ़ पानी मुमकिन नहीं हो पाई तो मामले की सूचना महकमे के आला अफसरों को दी गई। इसके आधार पर बृहस्पतिवार की सुबह टेक्निकल विशेषज्ञों की टीम सिंभावली स्टेशन पर पहुंची टीम, जिसने काफी देर की मशक्कत के बाद जाम हुए ट्रेन के ब्रेक ठीक कर दिए। तब कहीं जाकर करीब सात घंटों की देरी से सुबह 9.50 बजे पैसेंजर ट्रेन सीतापुर को रवाना हो पाई। ब्रेक जाम होने से करीब सात घंटों तक ट्रेन के स्टेशन पर खड़े रहने से उसमें सफर कर रहे सैकड़ों मुसाफिरों को जागकर रात बिताने के साथ ही ढेरों दिक्कत भी झेलनी पड़ीं। क्योंकि देर रात के दौरान ट्रेन रुकने से उन्हें स्टेशन समेत आसपास में खाने की कोई चीज तक मयस्सर नहीं हो पाई। हालांकि जरूरी कामकाज से जा रहे दर्जनों मुसाफिर पीछे से आने वाली दूसरी ट्रेनों में अपने गंतव्य स्थलों को रवाना हो गए थे। स्टेशन मास्टर राजीव कुमार ने बताया कि ब्रेक जाम होने पर दिल्ली से सीतापुर को जा रही पैसेंजर ट्रेन बुधवार की देर रात को सिंभावली स्टेशन पर खड़ी हो गई थी, जो टेक्निकल स्टाफ की कड़ी मशक्कत के बाद ब्रेक ठीक होने पर करीब सात घंटों की देरी से आगे को रवाना हो पाई है।