21 सितंबर से शुरू होगी मंडी में गुड़ की खरीद
-इस सीजन गुड़ मंडी में डेढ़ अरब के कारोबार का अनुमान
-यूपी समेत देश के छह राज्यों में है हापुड़ के गुड़ की जबरदस्त डिमांड
-श्राद्ध समाप्त होते ही घूमने लगेंगे जिले के कोल्हूओं के चक्के
जतिन त्यागी
हापुड़। गढ़ रोड स्थित देश की सबसे बड़ी गुड़ मंडी 21 सितंबर से गुड़ के कारोबार के लिए सज जाएगी। इस वर्ष गन्ने की अच्छी पैदावार के चलते मंडी में डेढ़ अरब के कारोबार का अनुमान है। यहां के गुड़ की यूपी समेत देश के 6 राज्यों में जबरदस्त डिमांड है। कोल्हू संचालकों ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं, श्राद्ध समाप्त होते ही कोल्हूओं का चक्का घूमने लगेगा।
देशभर में स्थापित तमाम मंडियों में हापुड़ की गुड़ मंडी अव्वल नंबर पर है। यहां का गुड़ देशभर के लोगों को अधिक भाता है। यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष स्थानीय गुड़ मंडी में अरबों का कारोबार होता है। बीते वर्ष पर गौर करें तो प्रतिदिन यहां की मंडी में करीब 80 लाख रुपये का कारोबार हुआ था।
इस वर्ष जिले में गन्ने की अच्छी पैदावार है, इसलिए गुड़ कारोबारी मंडी में पिछले साल से अधिक गुड़ के कारोबार का अंदेशा जता रहे हैं। इस हिसाब से मंडी में इस वर्ष करीब डेढ़ अरब रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। गन्ने की फसल तैयार होने को है, ऐसे में कोल्हू संचालकों ने भी किसानों को रिझाना शुरू कर दिया है।
इन राज्यों में है हापुड़ के गुड़ की जबरदस्त डिमांड-
देशभर में हापुड़ गुड़ मंडी ऐसे ही शूमार नहीं है, यहां का गुड़ देशभर में अपनी छाप छोड़ता है। यूपी समेत गुजरात, बिहार, बंगाल, असम, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र में हापुड़ के गुड़ का बड़े पैमाने पर निर्यात होता है।
कई जिलों का गुड़ पहुंच रहा हापुड़ मंडी
हापुड़ गुड़ मंडी में हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा जिले का बड़े पैमाने पर गुड़ आता है, इन चारों जिलों में ही सर्वाधिक कोल्हू और क्रेशर स्थापित हैं, जो बेरोजगारों को भी रोजगार का सृजन करा रहे हैं।
30 आढ़तों पर होगी गुड़ की खरीद
हापुड़ गुड़ मंडी में गुड़ की खरीद के लिए छोटी बड़ी 30 आढ़तें लगती हैं। गुड़ उत्पादक अपनी स्वेच्छा से इन आढ़तों पर गुड़ पहुंचाते हैं। सभी आढ़ती गुड़ उत्पादकों से संपर्क साधने में जुट गए हैं।
क्या कहते हैं गुड़ कारोबारी
गुड़ कारोबारी मोहित गर्ग का कहना है कि 21 सितंबर से गुड़ मंडी में गुड़ की आवक शुरू हो जायेगी। लगातार आठ महीने तक मंडी में गुड़ का कारोबार चलेगा। गुड़ उत्पादकों को विशेष सुविधा दी जाएगी।--फोटो फाइल संख्या 04एचपीआर पीएच-09
मंडी सचिव सुशील कुमार का कहना है कि मंडी में गुड़ लेकर आने वाले लोगों को प्रत्येक सुविधा का लाभ मिलेगा। साफ सफाई की स्थिति चाक चौबंध रहेगी। किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।--फोटो फाश्इल संख्या 04एचपीआर पीएच-10
गुड़ के प्रमुख कारोबार पंकज अग्रवाल का कहना है कि इस सीजन में गन्ने की फसल बंपर है। गुड़ का नया भाव 1300 से 1500 रुपये प्रतिमन यानि कि 3700 रुपये प्रति क्विंटल खुलने का अनुमान है। उनका अनुमान है कि सीजन के सात महीनों में लगभग डेढ़ अरब के गुड़ का कारोबार होगा।