बिजली उपभोक्ता ने पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास
क्षेत्र के अतरपुरा बिजलीघर पर शुक्रवार को रिकॉर्ड रूम में अचानक एक उपभोक्ता ने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। उसने फाइलों पर भी पेट्रोल फेंका और माचिस निकालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया।
इससे वहां लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी तरह माचिस छीनी। इस बीच पुलिस को सूचना दी गई। उपभोक्ता कारपोरेशन अफसरों की मनमानी से परेशान था।
मोहल्ला गांधी विहार निवासी विनोद अतरपुरा बिजलीघर पर बिल बनवाने पहुंचा। वहां तैनात लिपिक चंद्रपाल उसका बिल तैयार कर रहा था, इसी दौरान उसने पेट्रोल की बोतल निकाली और अपने ऊपर उड़ेल दी।
उसने बिजली कर्मियों और रिकॉर्ड की फाइलों पर भी पेट्रोल छिड़क दिया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही उसने माचिस निकाली और जलाने की कोशिश करने लगा। इस दौरान एक उपभोक्ता ने उससे माचिस छीन ली और पुलिस को सूचना दी।
उपभोक्ता की बात पर उसकी मानसिक स्थिति का पता चला। अधिशासी अभियंता के कहने पर पुलिस ने पुलिस ने उसको पावर स्टेशन से भेज दिया। कर्मचारियों को उपभोक्ताओं को परेशान न करने और तत्काल बिल तैयार करने के निर्देश दिए। कार्यालय में कई गोपनीय फाइल रखी हुई थी। गनीमत रही कि माचिस नहीं जली।
अधिशासी अभियंता सचिन कुमार का कहना है कि उपभोक्ता का मीटर टैंपर्ड था। उसका बिल तैयार कराया जा रहा था। वह मानसिक रूप से कुछ परेशान लग रहा था, इसलिए उसने ऐसा किया।