बारिश में भीगने से चार गोवंशों की मौत हुई
गढ़मुक्तेश्वर। शासन के आदेश पर जनपद में आवारा और छुट्टा पशुओं को पकड़कर गढ़ पालिका क्षेत्र में स्थित कांजी हाउस में रखा जा रहा है। कांजी हाउस में छाया की कोई व्यवस्था न होने के चलते बारिश में भीगकर बीमार हुए चार गोवंशों की मौत हो गई। जिससे क्षेत्रीय लोगों में रोष व्याप्त है।
लोगों को आवारा और छुट्टा पशुओं के आतंक से निजता दिलाने के लिए शासन ने पशुओं को पकड़वाकर सुरक्षित स्थानों पर रखे जाने का आदेश दिया है। जनपद हापुड़ में पकड़े जा रहे आवारा पशुओं को गढ़ पालिका क्षेत्र में नक्का कुआं मंदिर के निकट स्थित कांजी हाउस में रखा जा रहा है। जहां रोजाना पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। लेकिन संख्या के अनुरूप व्यवस्था न हो पाने के चलते देखरेख में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांजी हाउस में छाया की व्यवस्था न होने के चलते बुधवार और बृहस्पतिवार की रात हुई बारिश मेें भीगने से कई गोवंश बीमार हो गए। वहीं बारिश के बाद हुई गंदगी और कीचड़ के चलते पशुओं के बैठने के लिए भी स्थान नहीं बचा है। शुक्रवार की सुबह चार बीमार पशुओं की मौत हो गई। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने पशुओं के लिए टीन शेड लगवाए जाने की भी मांग की है। पालिका ईओ अमिता वरून ने बताया कि मृतक पशु बीमार हालत में कांजी हाउस में पहुंचे थे, जिनका उपचार हो रहा था। कांजी हाउस में टीन शेड की व्यवस्था भी जल्द कराई जाएगी।