फोटो संख्या - 20,21
नई मंडी में सजी पटाखों की दुकानें
- 30 दुकानों को दिए गए अस्थाई लाइसेंस
- मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने मौके पर की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। दीपावली को लेकर गढ़ रोड स्थित नई मंडी में पटाखों की दुकानें सज गई हैं। इस दौरान 30 अस्थाई दुकानों को लाइसेंस दिए गए हैं। सोमवार दोपहर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने नवीन मंडी परिसर पहुंचकर दुकानदारों को दिशा निर्देश दिए।
दीवापली को लेकर प्रशासन ने हापुड़ में गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी परिसर में पटाखों की दुकानें लगाने के निर्देश दिये थे। इसके बाद अब तक 30 लोगों को दुकानें लगाने के लिए अस्थाई लाइसेंस दिए गए हैं। इन लाइसेंस के बाद नवीन मंडी परिसर में दुकानें सज गई हैं। दोपहर के समय अग्निशमन अधिकारी अनिमेष सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कुछ दुकानें मानकों के अनुसार नहीं लगी हुई थीं। इस पर उन्होंने दुकानों को मानकों के अनुसार लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान पटाखे खरीदने वालों की भी काफी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पटाखे खरीदे। बच्चों ने अपने मनपसंद पटाखे खरीदे। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि जिन स्थानों पर पटाखों की बिक्री हो रही है, वहां पूरे स्टाफ के साथ फायरब्रिगेड तैनात की गई है।