अलग अलग सड़क हादसों में आठ घायल
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर । सिंभावली सहित हाईवे पर दो स्थानों पर हुई वाहनों की भिड़ंत में आठ लोग घायल हो गए। वहीं हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
सिंभावली में सोमवार की रात घने कोहरे के चलते नेशनल हाईवे पर थाने से चंद कदमों की दूरी पर एक के बाद एक कई वाहन आपस में भिड़ गए। गढ़ से हापुड़ की तरफ जा रहे केंटर चालक ने थाने के पास अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उसके पीछे चल रहे पांच वाहन आपस में टकरा गए। वाहनों में बैठे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। रात में वाहनों की भिड़त होने पर हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराकर जाम खुलवाया। वहीं मंगलवार की दोपहर अज्ञात वाहन ने आटो में टक्कर मार दी। जिससे आटो में सवार मनोज निवासी मथुरा और ओखला निवासी सनी घायल हो गए। दोनों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
---
अलग-अलग मामलों में महिला समेत तीन घायल
-एक गंभीर हालत में मेरठ रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। जिनमें से एक को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया है।
जनपद बुलंदशहर के कस्बा औरंगाबाद निवासी सविता सोमवार की देर शाम स्कूटी से बहादुरगढ़ आ रही थी। गांव के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक चालक ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी पर सवार महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। वहीं एक अन्य घटना में बहादुरगढ़ निवासी आशीष और हर्ष मंगलवार को कार से डहरा कुटी जा रहे थे। नानई के पास टायर फटने से कार अनियंत्रित हो गई और बराबर से जा रही बाइक से टकरा गई। घटना में बाइक सवार विरेंद्र और नितिन निवासी नयाबांस सिंभावली घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने विरेंद्र को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।