27168 अभ्यर्थी हापुड़ में
देंगे पुलिस भर्ती परीक्षा
हापुड़। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए हापुड़ जिले में सात केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। यहां 18 और 19 जून को दो-दो पालियों में कुल 27168 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयास है कि किसी भी हालत में यूपी पुलिस के सिपाहियों की भर्ती में पारदर्शिता बरती जाए। इसलिए इस भर्ती को सकुशल, बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न कराने की जिम्मेवारी एक बड़े समूह की कम्प्यूटर टेक्नोलॉजी विंग को सौंपी गई है। इस समूह की टीम ने बृहस्पतिवार को हापुड़ आकर इस परीक्षा को आयोजित कराने के लिए निर्धारित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा संबंधित कालेजों के परीक्षा केन्द्र प्रभारियों से संपर्क साधा। इस परीक्षा को लेकर पूर्ण गोपनीयता बरती जा रही है।
जिले में पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह ने बताया कि हापुड़ जिले में कुल सात परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केन्द्रों पर 18 और 19 जून को दो-दो पालियों में परीक्षाएं होंगी। इनमें सबसे बड़ा केन्द्र मोनार्ड विश्वविद्यालय होगा जहां प्रत्येक पाली में 1800 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे जबकि दूसरा बड़ा केन्द्र टैगोर शिक्षा सदन इंटर कालेज हापुड़ होगा जिसमें प्रत्येक पाली में 1224 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इसके अलावा हापुड़ का दीवान इंटर कालेज, कामर्शियल कालेज, एसएसवी इंटर कालेज, पिलखुवा का मारवाड़ इंटर कालेज और आरआर इंटर कालेज शामिल है। कुल मिलाकर प्रत्येक पाली में सभी सात केन्द्रों पर 6792 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस तरह दो दिन की चार पालियों में 27168 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को केन्द्र का नाम सिर्फ दो दिन पहले पता चलेगा। इन परीक्षा केन्द्रों पर दूरदराज के जिलों से अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे। परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए पुलिस के कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पुलिस महकमे की ओर से एक-एक ऑबजर्वर तैनात रहेगा। इसके अलावा एक सीओ, एक इंस्पेक्टर और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इतना ही नहीं रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जाएंगे।