नौ दिसंबर तक रद्द रहेगी दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर और मेमू ट्रेन
हापुड़। रेलवे लाइन पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते मुरादाबाद मंडल में आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया है। इसमें हापुड़ से गुजरने वाली दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर व मेमू ट्रेन भी 9 दिसंबर तक बंद रहेगी।
मुरादाबाद मंडल में इन दिनों पटरियों पर मरम्मत कार्य व पुरानी पटरियों के स्थान पर नई रेल पटरियों को बिछाने का कार्य चल रहा है। जिसकी वजह से ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं और यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
ऐसे में रेलवे बोर्ड ने मंडल में संचालित होने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है। इसमें हापुड़ से गुजरने वाली दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर व मुरादाबाद से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली मेमू ट्रेन भी शामिल है, जो कि 9 दिसंबर तक रद्द रहेंगी।
स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना का कहना है कि मुरादाबाद मंडल में पटरियों को बदलने का कार्य चल रहा है। जिसके चलते दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर और मेमू ट्रेन का संचालन नौ दिसंबर तक के लिए रद्द कर दिया गया है।
शहीद एक्सप्रेस रही रद्द, कई ट्रेनें घंटो लेट
- ऊना हिमाचल एक्सप्रेस 21, जनसाधारण एक्सप्रेस 19 घंटे की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची
हापुड़। पटरियों पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण रेल यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को जयनगर से अमृतसर के बीच चलने वाली शहीद एक्सप्रेस रद्द रही, जबकि ऊना हिमाचल, जनसाधारण एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटो की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची।
मुरादाबाद मंडल में चल रहे मरम्मत कार्य के चलते ट्रेनों की स्थिति सुधर नहीं पा रही है। शुक्रवार को भुज से चलकर बरेली को जाने वाली ऊना हिमाचल एक्सप्रेस 21 घंटे, सहरसा से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस 19 घंटे, इलाहाबाद से सहारनपुर को जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस 10 घंटे की देरी से पहुंची।
लालगढ़ से डिबरूगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस 4.30 घंटे, बरेली से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 6 घंटे, कामाख्या से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली कामाख्या एक्सप्रेस 3.30 घंटे, नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 1.30 घंटे, आनंद विहार से रक्सौल जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना का कहना है कि इन दिनों मुरादाबाद मंडल में पटरियों पर मरम्मत कार्य चल रहा है, जिसके चलते ट्रेनें पीछे से ही देरी से चल रही हैं।