समस्याओं पर भड़के एनएच-235 के प्रभावित किसान
विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर पहुंचे एनएच-235 से प्रभावित आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण शिकायती पत्र पर रिसीविंग न मिलने व उचित मुआवजा न मिलने के विरोध में भड़क उठे। उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर, जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारी ग्रामीण जयभगवान त्यागी ने बताया कि एनएच-235 धनौरा, ट्याला, पटना, ददायरा, सादिकपुर, असोड़ा, धीरखेड़ा, अकड़ौली, मुर्शदपुर, कुराना, सिरोधन, श्यामुद्दीनपुर से होकर गुजरना प्रस्तावित है।
किसानों को उनकी जमीन का पर्याप्त मुआवजा नहीं दिया गया है, किसानों की जितनी जमीन अधिग्रहीत की जानी थी, उससे कहीं अधिक हड़प ली गई है। जबकि मुआवजा पहले अधिग्रहीत जमीन का ही दिया गया है। कई बार इसकी शिकायत डीएम से कर चुके हैं।
शिकायती पत्र प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हैं, तो उसकी रिसीविंग भी नहीं दी जाती। ऐसे में उनके रिकॉर्ड के तौर पर कुछ नहीं रहेगा। एनएचआई कर्मियों पर भी उन्होंने जबरन खेतों में जेसीबी चलवाने का आरोप लगाया।
विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर, जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में जयभगवान त्यागी, मुकेंद्र, राजकुमार, रजनीश, दिनेश, ललित त्यागी, महेशपाल, अमरपाल, रवि कुमार, बाबूराम, जयप्रकाश, परवेज आलम, कालीचरण, अमर सिंह, विजय, शादीराम, रामेश्वर त्यागी, शिवम, कुलदीप आदि मौजूद रहे।