साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने मुरादाबाद में डाला डेरा
हापुड़। बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में हापुड़ पुलिस मुरादाबाद में साक्ष्य जुटाने में लगी है। बाबूगढ़ एसओ पिछले दो दिन से वहीं रहकर मामले की जांच कर रहे हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस ने किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
बाबूगढ़ एक गांव निवासी महिला से पिछले पांच वर्षों में 16 आरोपियों द्वारा दुष्कर्म करने और पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के बाद महिला द्वारा आत्मदाह के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। बाबूगढ़ एसओ राजेश भारती इस मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए मुरादाबाद में डेरा जमाए हैं। पिछले दो दिन से वे वहां रहकर इस मामले की जांच कर रहे हैं। इस संबंध में मुरादाबाद में महिला के साथ रहने वाले लोगों से उनके बयान लिए जा रहे हैं।
उधर, इस मामले में पुलिस की जांच भले ही तेजी पकड़ रही हो, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश जरूर दे रही है। लेकिन सभी फरार हो चुके हैं। उधर, ग्रामीण अभी भी आरोपियों को बेकसूर बता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को सच्चाई से अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है।