धौलाना। पिपलैड़ा गांव में शाहजहां मस्जिद के पास सोमवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में धौलाना पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान कर ली है।
पुलिस ने 100 से अधिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद वाहन का नंबर ट्रेस किया है। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल वाहन बाहरी जिले का है।
सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र ने बताया कि सोमवार दोपहर धौलाना निवासी दो सगे भाई बाइक से अपने परिचित के जनाजे में शामिल होने जा रहे थे।
पिपलैड़ा गांव में शाहजहां मस्जिद के पास पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार थी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया था। टक्कर लगने से दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे में कामरान की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि उसके बड़े भाई वसीम को गंभीर हालत में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन और चालक की तलाश शुरू की। क्षेत्राधिकारी ने थाना प्रभारी निरीक्षक को टीम गठित कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
सीओ ने बताया कि वाहन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। वाहन बरामद होने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।