फोटो08एचएएमपी 21- घायल का उपचार करते डॉक्टर, साथ खड़े परिजन। संवाद
बिवांर (हमीरपुर)। मवईजार गांव में भूमि विवाद में शनिवार शाम एक युवक को गांव के ही लोगों ने गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी। घायल को छानी सीएचसी लाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मवईजार गांव निवासी जितेंद्र उर्फ छोटू सिंह और भुजबल सिंह के बीच बीते छह सालों से जमीनी विवाद चल रहा था। जितेंद्र के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे वह खेत पर लगे ट्यूबवेल पर गया था। वहां पर भुजबल अपने भाइयों के साथ आ गया। आरोप है कि भुजबल से जमीन पर कब्जा देने की बात करने पर उसने गोली चला दी जो उसके पैर में लगी। गोली चलने की सूचना पर गांव में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचे परिजन जितेंद्र को छानी सीएचसी ले गए वहां से जिला अस्पताल और बाद में कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक जितेंद्र के पिता की मौत के बाद उसके बड़े भाई धर्मेंद्र ने जमीन भुजबल सिंह को बेच दी थी। उस समय जितेंद्र नाबालिग था। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले धर्मेंद्र की पत्नी रजनी ने भुजबल सिंह पर पति को गायब करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की थी। आरोप था कि भुजबल ने धर्मेंद्र को शराब पिलाकर उसकी जमीन सस्ते दाम में खरीद ली थी और इसके एवज में करीब 23 लाख रुपये नहीं दिए थे।
गोली चलाने के आरोपी भुजबल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल पक्ष से तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -राजकुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी मौदहा