सरीला (हमीरपुर)। थाना जरिया के अमूंद गांव में 23 जुलाई को महिला की जहर खाने से मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने 16 दिन बाद पति समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की है।
करौंदी गांव निवासी खरेलाल ने सीओ शाहरुख खान को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में बेटी प्रीति की शादी अमूंद गांव के रवि कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वाले दहेज में बुलेट की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर प्रीति को मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। प्रताड़ना से तंग आकर प्रीति ने 23 जुलाई को जहर खा लिया। उपचार के लिए झांसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। क्षेत्राधिकारी शाहरुख खान के आदेश पर पुलिस ने पति रवि कुमार, ससुर जयसिंह, सास और देवर श्याम कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।