सरीला (हमीरपुर)। चिकासी थानाक्षेत्र के रिहुंटा गांव में शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी के बाद युवक पर तमंचे से फायर करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गांव निवासी अजय ने बताया कि तीन नवंबर की रात करीब आठ बजे मंगरौंठ गांव निवासी दीपेंद्र उर्फ भूरा से शराब पीने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बाद में जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से अजय बाल-बाल बच गया। चिकासी थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को बड़ी माता मंदिर रिहुंटा के पास से आरोपी दीपेंद्र उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ चिकासी और राठ थानों में मारपीट, जानलेवा हमले, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत आठ मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।