फोटो 18 एचएएमपी 15- मृतक आनंद कुमार। स्रोतः परिजन
राठ। गांव की नाली में लघुशंका करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट से आहत युवक ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कोतवाली क्षेत्र के बहपुर गांव निवासी प्रीतम कुशवाहा ने बताया कि उनका छोटा भाई आनंद कुमार (22) शुक्रवार को धनौरी गांव में अपनी शादी के लिए लड़की देखने गया था। वापस आने पर रात करीब 9.30 बजे गांव की नाली में लघुशंका करने लगा। इसी बात पर गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके भाई के साथ मारपीट की जिससे आहत होकर देर रात उसने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया।
शनिवार सुबह परिजनों को उसका शव फंदे पर लटका मिला। आरोप लगाया कि मारपीट से आहत होकर उनके भाई ने आत्महत्या की है। बताया कि पिता खलक सिंह के पास पांच बीघा कृषि भूमि है। उनकी जमीन का कुछ हिस्सा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए अधिग्रहित हो चुका है। कोतवाली के एसएसआई शिव सहाय सरोज ने बताया कि युवक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। किसी ने अभी शिकायती पत्र नहीं दिया है। कहा कि शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जाएगी।