फोटो 17 एचएएमपी- 14 सीएचसी स्थिति पर्चा काउंटर का टूटा दरवाजा। संवाद
कुरारा (हमीरपुर)। कस्बा स्थित सीएचसी में इलाज कराने आए युवक से आधार कार्ड मांगना वार्ड आया को महंगा पड़ गया। गुस्साए युवक ने जमकर हंगामा करते हुए ओपीडी काउंटर में तोड़फोड़ की। सीएचसी अधीक्षक ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व काउंटर में तोड़फोड़ करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुनील कुमार जायसवाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि कस्बा के वार्ड नंबर पांच निवासी नन्हे राजा बुधवार सुबह 10:15 बजे इलाज कराने आया था। ओपीडी काउंटर में ऑनलाइन पर्चा बनवाने के लिए उससे आधार कार्ड मांगा गया तो वह आग बबूला होकर वार्ड आया व अमित शुक्ला के साथ अभद्रता करने लगा। हंगामा करते हुए ओपीडी काउंटर में तोड़फोड़ की। इससे ओपीडी में डर का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।