भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र के सहुरापुर गांव निवासी युवक की बुखार से कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
सहुरापुर निवासी धीरज सिंह ने बताया कि छोटे भाई नीरज सिंह (32) को करीब 10 दिन पहले बुखार आया था। पहले उसे पौथिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दिखाया गया लेकिन हालत में सुधार न होने पर सदर अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजन ने उसे रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया जहां करीब एक सप्ताह तक इलाज चला। मंगलवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। धीरज सिंह के मुताबिक, जिला अस्पताल में बीमारी की कोई जांच नहीं हुई थी जबकि कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में हुई जांच के बाद चिकित्सकों ने डेंगू जैसे लक्षण होने की बात बताई थी। नीरज अपने पीछे पत्नी रूबी सिंह और दो पुत्रों उदयराज व दिव्यराज को छोड़ गया है। वह तीन भाइयों में मंझला था और पिता के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। उसकी मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।