राठ (हमीरपुर)। ससुराल में रहकर मजदूरी करने वाले युवक की शनिवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। खेत में घासफूंस से बनी झोपड़ी में उसका शव मिला है। परिजन ने बताया कि युवक शराब पीने का लती था।
विज्ञापन
चिकासी थाने के टोला खंगारन गांव निवासी मनोहर ने बताया कि जालौन जनपद के कोटरा थाने के सैदनगर गांव निवासी बेटी सोना परिवार सहित मायके में ही रहती है। बताया कि वह पत्नी ठक्की, बेटी सोना, दामाद हरनारायण (40) व उनके बच्चों के साथ मझगवां थानाक्षेत्र के इकठौर मौजा स्थित खेत में झोपड़ी बनाकर रहते हैं। शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में दामाद हरनारायण की मौत हो गई।
मनोहर ने बताया कि उनके नाम पर तीन बीघा जमीन है। दामाद खेती में हाथ बंटाने के साथ मजदूरी करता था। उसके पांच बच्चे हैं। ग्रामीणों ने युवक की मौत की सूचना यूपी 112 पुलिस को दी। सीओ राजीव प्रताप सिंह व मझगवां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। सीओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह का पता चल सकेगा।