राठ/सरीला (हमीरपुर)। खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की सोते समय कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति खुद कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया। आरोपी के छोटे भाई ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
जरिया थाने के चंडौत गांव निवासी लट्टी अहिरवार ने बताया कि उनके बड़े भाई पन्नालाल अहिरवार खेती से परिवार का भरण पोषण करते हैं। पन्नालाल का उनकी पत्नी पानकुंवर (65) से करीब पांच साल से अनबन थी। जिसके चलते पन्नालाल खेत पर अकेले रहते थे। करीब एक पखवारे पूर्व रिश्तेदारों ने दोनों के बीच समझौता करा दिया था। जिसके बाद वह अपने घर पत्नी के पास आने जाने लगे थे। शनिवार रात पन्नालाल का पानकुंवर से खाना बनाने को लेकर कुछ विवाद हो गया। पानकुंवर ने पति को खरी खोटी सुना उसकी पिटाई कर दी। उस वक्त पन्नालाल खामोश रहा। रविवार की सुबह तीन बजे जब पानकुंवर गहरी नींद में सो रही थीं। तभी पन्नालाल ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर गांव स्थित पुलिस चौकी पहुंच गया। इनके दोनों बेटे बृजकिशोर व राजाराम अपने परिवार के साथ ईंट भट्टों पर मजदूरी करते हैं।
जरिया एसओ रामआसरे सरोज ने बताया कि पति-पत्नी में आपसी विवाद था। आरोपी के छोटे भाई लट्टी अहिरवार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।