फोटो 09 एचएएमपी- 06अस्पताल में घायलों का इलाज करते डॉक्टर। संवाद
मुस्करा (हमीरपुर)। चलती बाइक पर मोबाइल से बात करना चालक को भारी पड़ गया। तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से जा टकराई। बाइक सवार चचेरे भाई हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। पीआरवी ने दोनों को सीएचसी भेजा जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
थानाक्षेत्र के कंधौली गांव निवासी उमेश (20) चचेरे भाई राजकिशोर (25) के साथ शनिवार दोपहर बाइक से मुस्करा कस्बा जाने के लिए निकले थे। महोबा रोड पर ऐंझी गांव के पास बाइक चला रहा उमेश जेब से मोबाइल निकालकर किसी से बात करने लगा। इस दौरान बाइक बिजली के खंभे से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खंभे से टकराने के बाद दोनों हवा में उछलकर जमीन पर जा गिरे। भीड़ के मुताबिक दोनों युवक शराब के नशे में धुत थे और हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। राजकिशोर के पिता राजू ने बताया कि दोनों दोपहर में घर से किसी काम से जाने की बात कहकर निकले थे। रास्ते में हादसा हो गया।