मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के मकराव गांव में बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव अपने ही खेत में बेल के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। युवक ने अपनी मां से खर्च के लिए रुपये मांगे थे। मां के मना करने पर वह नाराज होकर घर से निकल गया था। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खेत में पेड़ पर फंदे से उसका शव लटका देखा।
मकराव गांव के रामलखन यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह बड़े बेटे विनय (20) ने मां सुंता से खर्च के लिए पैसे मांगे। मां के मना करने पर वह नाराज होकर खेतों की ओर चला गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने बेटे का शव बेल के पेड़ पर लटका देख सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने किसी तरह की शिकायत नहीं की है।