भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने सूबेदारगंज से लोकमान्य तिलक टर्मिनल तक साप्ताहिक ट्रेन का संचालन नौ जनवरी से शुरू कर रहा है। यह सप्ताह में दो दिन बृहस्पतिवार एवं शनिवार को कस्बे के रेलवे स्टेशन से गुजरेगी।
रेलवे बेवसाइट के अनुसार विशेष यात्री ट्रेन संख्या 04115 बृहस्पतिवार नौ जनवरी को सूबेदारगंज (प्रयागराज) से दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी। यहां फतेहपुर, गोविंदपुरी से होकर 17:35 बजे भरुआ सुमेरपुर आएगी।
यहां से यह रागौल, बांदा, चित्रकूट धाम कर्वी, सतना, मैहर, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक, इटारसी, कल्याण होकर चलेगी। शुक्रवार को 20:50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 04116 लोकमान्य तिलक टर्मिनल से रवाना होकर ठाडे होकर वापस आएगी जो शनिवार की रात साढ़े बारह बजे कस्बे में आएगी। इस साप्ताहिक विशेष यात्री ट्रेन के संचालन से यूपी, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र से आने-जाने वालों को सुविधा मिलेगी।
दस जनवरी से चलेगी कुंभ मेला स्पेशल मेमू
भरुआ सुमेरपुर। रेलवे ने महाकुंभ आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोविंदपुरी से प्रयागराज तक मेमू स्पेशल ट्रेन का संचालन 10 जनवरी से किए जाने की घोषणा की है।
यह ट्रेन 10 जनवरी को सुबह 7.30 बजे गोविंदपुरी से रवाना होकर कस्बे के रेलवे स्टेशन में सुबह 09:09 बजे आएगी। यह मेला स्पेशल मेमू कानपुर के गोविंदपुरी से चलकर भीमसेन, घाटमपुर, हमीरपुर रोड, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, अतर्रा, चित्रकूट धाम कर्वी, मानिकपुर, दबौरा, बरगढ़, शंकरगढ़, नैनी होकर प्रयागराज पहुंचेगी।
यहां से यह प्रयागराज, भरवारी, सिराथू, खागा, फतेहपुर, बिंदकी रोड होकर गोविंदपुरी पहुंचेगी। इसी तरह गोविंदपुरी से शाम 3:45 बजे रवाना होकर यह मेमू मेला स्पेशल बिंदकी रोड, फतेहपुर, खागा होते हुए प्रयागराज जाएगी। प्रयागराज से मानिकपुर, चित्रकूट धाम कर्वी, अतर्रा, बांदा होकर भरुआ सुमेरपुर रात में 2:35 पर आएगी।
यहां से हमीरपुर रोड, घाटमपुर, भीमसेन होकर सुबह 7:00 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। इस ट्रेन के संचालन से कुंभ मेला आने जाने वालों को सुविधा मिलेगी। (संवाद)