भरुआ सुमेरपुर। पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते नवीन गल्ला मंडी में आढ़तों में पानी भर जाने से व्यापारियों का करीब पांच लाख रुपये का माल भीग गया है। व्यापारियों ने मंडी प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
आढ़तियों का आरोप है कि मंडी समिति की नालियों के जाम होने से जल भराव हुआ है। पिछले चार दिनों से कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही झमाझम बारिश का कहर अब सामने आने लगा है। बारिश के चलते गल्ला मंडी में जल भराव होने से आढ़ती पवन पांडे, कुंज बिहारी पांडे, राघवेंद्र पांडे, सोनू गुप्ता, उदित नारायण तिवारी का करीब 500 बोरा माल भीग गया है। व्यापारियों का आरोप है कि समिति की नालियां जाम होने से मंडी में जल भराव हो रहा है और इसका सीधा खामियाजा व्यापारियों को उठाना पड़ता है।