भरुआ सुमेरपुर। ग्राम पंचायत चंदपुरवा बुजुर्ग में नमामि गंगे परियोजना के तहत बिछाई गई पाइप लाइन से आधे गांव में जलापूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों को प्यास बुझाने के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीण रविकरन विश्वकर्मा, मुखिया यादव, अनिकेत पाल, रामकेश, जगतपाल और श्रीपाल श्रीवास्तव आदि ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व नमामि गंगे परियोजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसके बावजूद काली माई मंदिर से घसीटा के दरवाजे तक घरों में आज तक पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने बताया कि जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजी जा चुकी है लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
प्रधान प्रतिनिधि नरेंद्र कुमार ने कहा कि वह कई बार अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से समस्या से अवगत करा चुके हैं लेकिन पूरे गांव में जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी।