हमीरपुर/सरीला। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तैनात रहे। इस दौरान आलेख्य रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के साथ फॉर्म 6 भी उपलब्ध कराया गया।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ ने मतदाता सूची पढ़कर सुनाई और आम नागरिकों को सूची का अवलोकन कराया। जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं पाए गए या जिन मतदाताओं को नाम, पता व आयु आदि में संशोधन कराना था, उन्हें नियमानुसार फॉर्म 6 व फॉर्म-8 उपलब्ध कराए गए। सरीला प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को बूथ लेवल अधिकारियों ने गांवों में मतदाता सूची का वाचन कराया।
इस दौरान तहसीलदार सरीला राम मोहन ने बरगवां, ममना और धौहलबुजुर्ग के कई बूथों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की मौजूदगी में सूची का वाचन कराया। ग्रामीणों को बताया गया कि जिनका नाम सूची में नहीं है वे फॉर्म 6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। संशोधन के लिए फार्म-8 और विलोपन के लिए फार्म-7 की सुविधा भी उपलब्ध है। एक जनवरी 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं से अनिवार्य रूप से आवेदन करने की अपील की गई।