फोटो 07 एचएएमपी 27- डामरीकरण को उखाड़ कर दिखाते ग्रामीण। सोशल मीडिया
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। बीहड़ों में स्थित ब्लॉक की अंतिम ग्राम पंचायत भौंरा से बांदा जनपद के जसपुरा ब्लॉक के सिकहुला गांव तक बन रही सड़क के निर्माण में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री से डामरीकरण करा रहा है। इसकी पोल खोलते हुए ग्रामीणों ने सड़क की परत को हाथों से उखाड़कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
भौंरा गांव यमुना किनारे स्थित है और यहां से सिकहुला तक करीब सात किलोमीटर सड़क का निर्माण वर्षों पूर्व हुआ था, जो लंबे समय से जर्जर पड़ी थी। अब पीडब्ल्यूडी द्वारा इसका पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सुधार की मांग की है। सहायक अभियंता मुनेन्द्र सिंह ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।