फोटो23एचएएमपी 28- ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते विधायक। संवाद
कुरारा (हमीरपुर)। जनकल्याण और जनसेवा के संकल्प के साथ रविवार को सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने संवाद के दौरान समस्याओं का पुलिंदा खोल दिया। कहा कि सबसे बड़ी समस्या बदहाल सड़कें हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अब आश्वासन नहीं काम चाहिए।
विधायक ने मिश्रीपुर, ददरी, मनकी कला, मनकी खुर्द, उमराहट और हरौलीपुर गांव पहुंचे। उन्होंने गांव के लोगों और पार्टी के पदाधिकारियों से संवाद किया। यहां पर संतोष कुमार, बबलू, राजेंद्र, बाबूलाल समेत अन्य ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी और सफाई समेत विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी। कहा कि गांव में लोग नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर है। सड़कों पर गड्ढे है तो कहीं सड़क ही नहीं है।
विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का सम्मान और उसकी जरूरतों का ध्यान रखना प्राथमिकता है। इस दौरान शक्ति केंद्र संयोजक राजेंद्र कुमार शुक्ला, कुरारा मंडल अध्यक्ष मोहन कुशवाहा, मंडल महामंत्री दिनेश द्विवेदी, कामता सविता, उमाशंकर, जयकरण सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मनोज शुक्ला, चंद्रेश सिंह, नीरज कुमार निषाद समेत ग्राम प्रधान, प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।