-तीन पालियों में होगी 52 दिन तक चलने वाली परिक्षाएं
-जिले में 34 परीक्षा केंद्र व 6 नोडल सेंटर बनाए गए
संवाद न्यूज़ एजेंसी
गहरौली( हमीरपुर)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा स्नातक और परास्नातक के संचालित विषयों के विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 29 नवंबर से तीन पालियों में शुरू होगी। यह परीक्षा 52 दिन तक विभिन्न तारीखों में चलेगी। जिसकी विश्विद्यालय व जिले में संचालित सभी महाविद्यालयों ने तैयारियां पूरी कर ली है। सीसीटीवी की निगरानी में ऑनलाइन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परीक्षा की निगरानी करेगा।
बुंदेलखंड विश्विद्यालय झांसी द्वारा संचालित राजकीय, वित्तपोषित, स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों में संचालित कोर्स बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम विषय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं शनिवार से तीन पालियों में सम्पन्न होंगी। इसके लिए जिले में 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली 11:30 बजे से 1:30 बजे तक व तीसरी पाली 2:30 बजे से 4:30 बजे तक सम्पन्न होगी। महाविद्यालयों में उत्तर पुस्तिकाएं व ओएमआर पुस्तिकाएं पहुंच गई हैं। वहीं, जिले में 6 नोडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
उधर, गहरौली के स्वर्गीय पूर्ण राम प्रकाश दीक्षित महाविद्यालय के प्राचार्य लोकेंद्र पांडे ने बताया कि बुंदेलखंड विश्विद्यालय झांसी द्वारा जारी किए गए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 29 नबम्वर को प्रथम पाली में बीए पंचम सेमेस्टर हिंदी विषय व द्वितीय पाली में बीए तृतीय सेमेस्टर चित्रकला विषय की परीक्षा सम्पन्न कराए जाने के लिए सभी कमरों में सिटिंग प्लान तैयार करा दिया गया है।