हाईवे पर इंगोहटा गांव स्थित इंटर कालेज मार्ग पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों के हेलमेट न लगाए होने की वजह से सिर में गंभीर चोटें लगी थीं। उधर उरई में उर्स देखने गए किशोर की मौत हो गई और साथी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, इंगोहटा गांव निवासी मलखान प्रजापति का पुत्र टिल्लू (20) अपने दोस्त सुलेमान (21) पुत्र उस्मान के साथ बाइक से गांव के बस स्टैंड तक घूमने गया था। थोड़ी देर बाद दोनों घर लौट रहे थे तभी इंटर कालेज मार्ग के पास गिट्टी लादे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
दोनों उछलकर सड़क पर गिरे और हेलमेट न लगाए होने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अस्पताल ले गई जहां टिल्लू को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, सुलेमान को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
उरई ब्यूरो के अनुसार, हमीरपुर जनपद के राठ निवासी अशफाक (13) पुत्र अजमेरी अपने साथी अकमल(21) पुत्र आदिम के साथ कालपी में चल रहा उर्स देखने के लिए आया था। शुक्रवार को देर रात करीब एक बजे दोनों सड़क पार कर कुछ खाने का सामान खरीदने जा रहे थे। इस दौरान कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनाें को टक्कर मार दी।
इससे दोनाें युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद पुलिस व अकीदतमंदों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान अशफाक की मौत हो गई जबकि उसके साथी अकमल की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टराें ने उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। किशोर की मौत की सूचना जैसे ही परिजनाें को मिली तो उनकी हालत खराब हो गई और वह बदहवास हालत में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और रोने बिलखने लगे।