नेशनल हाइवे में नालीदार सड़क की मरम्मत करते पीएनसी के कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
ओवरलोड से बर्बाद हुए हाईवे की मरम्मत का कार्य शुरूहो गया है। ओवरलोड के कारण एक तरफ की सड़क पूरी तरह से नालीदार बन गई थी। अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया और तब मजबूर होकर निर्माण इकाई को सड़क की मरम्मत करनी पड़ रही है।
ओवरलोड के चलते दो वर्ष पूर्व बनाई गई हाईवे की सड़क एक साइड से खराब हो चुकी है। टोल टैक्स वसूले जाने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कबरई से लेकर कानपुर तक एक तरफ की सड़क धंसकर नाली में तब्दील हो गई थी।
जिससे दोपहिया वाहन और छोटे वाहन ऊपर-नीचे सड़क पर पड़ने से अनियंत्रित हो जाते हैं और दुर्घटनाएं हो जाती थीं। बीते माह कस्बे के शिवानी गेस्ट हाउस के पास बाइक से जा रहे एक गल्ला व्यापारी को अनियंत्रित होने पर डंपर ने कुचल दिया था। जिस पर सड़क के नालीदार होने की वजह रही।
वहीं दूसरे दिन इसी स्थान पर बाइक सवार महिला के गिरकर मौत हो गई। व्यापारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कस्बे में ब्रेकर बनवाने के साथ सड़क की मरम्मत किए जाने की मांग की। इस खबर को अमर उजाला ने 13 मई को प्रमुखता से प्रकाशित किया।
खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार टोल टैक्स वसूलने वाली कंपनी पीएनसी की नींद टूटी और वह नालीदार हुई सड़क को बनाने में जुट गया है। पीनसी के अवर अभियंता एनपी वर्मा ने बताया कि खराब सड़क को दुरुस्त कराया जा रहा है।