सरीला (हमीरपुर)। जरिया थाना क्षेत्र के सरीला कस्बा में खेड़ा शिलाजीत मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने रविवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सरीला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
जमौड़ी गांव निवासी जयहिंद (25) पुत्र जसीराम बाइक में सवार होकर सरीला से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से वह टकरा गए। दूसरी बाइक पर अतरौली गांव निवासी निर्देश (18) पुत्र संतोष, रंजीत (19) और आशीष (18) पुत्र देवेंद्र सिंह सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 पीआरवी के हेड कांस्टेबल उदयभान और कांस्टेबल रवींद्र सिंह ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया जयहिंद को गंभीर हालत में उरई मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। पुलिस चौकी प्रभारी ईश्वर नारायण पांडेय ने घायलों से जानकारी लेकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।