भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के टेढ़ा गांव में गुरुवार की रात हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इससे गांव के एक मोहल्ले में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इस दौरान घर में ट्यूशन पढ़ा रहे ट्यूटर ने पास रखा पंखा जलता देख स्विच बंद करना चाहा तो उसी में चिपक गए। इससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ट्यूटर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। इस घटना से घरों में लगे लाखों के उपकरण फुंके हैं। उधर, पावर स्टेशन के जेई का कहना है कि कटिया डालने के दौरान हाईवोल्टेज करंट दौड़ा है।
टेढ़ा गांव निवासी शिवाकांत उर्फ राजकुमार (26) पुत्र रामगोपाल गांव में ही ट्यूशन पढ़ाता था। बीती रात गांव में एक मोहल्ले के ट्रांसफार्मर से निकलने वाली एलटी लाइन में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से इस मोहल्ले में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। इससे लोगों के बिजली व इलेक्ट्रानिक्स उपकरण धू-धूकर जलने लगे। गांव निवासी शिवाकांत लोगों के घरों में जाकर ट्यूशन पढ़ाते हैं। बीती शाम को वह गंगाचरन प्रजापति के घर में बच्चों को पढ़ा रहा था। तभी उसके घर में लगा फर्राटा पंखा धू धूकर जलने लगा। इस पर वह स्विच बंद करने के लिए बोर्ड पर जैसे ही हाथ रखा तो वह उसी में चिपक गया। इससे उसकी उसकी मौत हो गई। ट्यूटर की मौत होने पर घर में अफरा-तफरी मच गई। साथ ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गौरतलब हो कि ट्यूटर की तीन वर्ष पूर्व पचखुरामहान निवासी भूरी प्रजापति के साथ शादी हुई थी। अपने पीछे पत्नी व एक पुत्री छोड़ गया है। इसके अलावा अलीराजा की बहू को भी हल्का करंट लगा। गांव के पूर्व प्रधान परशुराम प्रजापति ने बताया कि हाईटेंशन लाइन का करंट गांव में दौैड़ने से लाखों रुपये के उपकरण जल गए हैं। उधर, चर्चा है कि गांव में किसी व्यक्ति के कटिया डालते समय हाईटेंशन लाइन में तार टच हो गया। इससे यह घटना हुई है। पावर कारपोरेशन के टेढ़ा सब स्टेशन के अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि कटिया डालने के दौरान हाईटेंशन लाइन का तार नीचे लगे जाल से टकरा गया। इससे यह करंट एलटी लाइन में दौड़ गया। कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। जिस किसी ने यह हरकत की है उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। साथ ही बताया कि विद्युत सुरक्षा के तहत पीड़ित परिवार को सहायता देने का प्राविधान है जिसके लिए आवेदन करना होगा।