सरीला। धौहल बुजुर्ग-जलालपुर मार्ग पर बमराहे नाला के पास बुधवार दोपहर एक ट्रक खाई में पड़ा मिला। पीआरवी पुलिस ने घायल चालक बलवंत सिंह (26) को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
जनपद कानपुर नगर के घाटमपुर थानाक्षेत्र के गुजेला निवासी बलवंत सिंह ने तीन युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस घटना से इन्कार कर रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रक पलटने से चालक को चोटें आई हैं। सीएचसी के चिकित्साधिकारी प्रियंक मिश्रा ने बताया कि चालक और खलासी लल्लू सिंह दोनों शराब के नशे में थे। चालक को कोई गंभीर चोट नहीं है और उसका उपचार जारी है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया ट्रक पलटने से चोटें आई हैं। मारपीट की घटना सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।