मौदहा। बीते वर्ष कोरोना संक्रमण फैलने के बाद से कस्बे के रागौल स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों का संचालन अभी तक ठप है। इससे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र के लोगों ने ट्रेनों का संचालन शुरू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्टेशन पर सामान आदि बेचकर गुजर बसर करने वालों के सामने आर्थिक दिक्कत खड़ी हो गई है। ऐसे में लोग दूसरे शहरों की ओर पलायन करने लगे हैं।
कस्बे की रागौल स्टेशन से अभी दुर्ग एक्सप्रेस हफ्ते दो दिन व जबलपुर लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन प्रतिदिन के अलावा कानपुर मानिकपुर तक दो पैसेंजर मेमो ट्रेनों का संचालन हो रहा है। जबकि यहां की मुख्य जरूरत सुबह शाम चलने वाली खजुराहो कानपुर ट्रेन है।
इससे खासकर व्यापारी, नौकरीपेशा व मरीजों को लेकर आने जाने में सुविधा होती है। इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू न होने से नगर समेत क्षेत्र के लोगों को खासी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उधर, रागौल रेलवे स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार का कहना है कि ट्रेनों के संचालन पर वह कुछ नहीं कह सकते। शासनादेशों का पालन करना उनका काम है।