पोस्टमार्टम हाउस में गुमसुम बैठे मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के हेलापुर गांव में बीती रात खेत की जुताई कर घर आ रहे ट्रैक्टर के पलट जाने से किसान की दबकरमौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खेती में पैदावार न होने से किसान परेशान हैं। जैसे ही हल्की फुल्की बरसात होती है। किसान खेतों में पहुंच जुताई करने लगता है। बीते तीन दिन पूर्व हुई बारिश के बाद से ज्यादातर किसान ने खेतों की ओर रुख कर लिया है। मौजूदा समय में किसान रात दिन खेतों में जुताई करने में जुटा है।
हेलापुर गांव निवासी राजेश पाल (34) पुत्र रामभगत भी शनिवार को ट्रैक्टर लेकर अपने खेतों की जुताई करने गया था। दिन भर खेत की जुताई करने के बाद वह रात करीब दस बजे वह ट्रैक्टर लेकर घर आ रहा था। तभी गांव के बाहर स्थित पुलिया में उसके ट्रैक्टर का कल्टीवेटर फंस गया। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
इस हादसे में राजेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और किसी तरह उसे ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मृतक राजेश के बड़े भाई सुशील ने कोतवाली पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है।