सदर अस्पताल में रोते बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। हाईवे पर नजरपुर मोड़ के पास शुक्रवार सुबह मौरंग भरा रिक्शा बचाने के चक्कर में तीन वाहन ऑटो, बोलेरो और बाइक आपस में भिड़ गए। हादसे में ऑटो में सवार पूर्व प्रधान की पत्नी सहित दो की मौके पर मौत हो गई। सात को सदर अस्पताल भेजा गया। इनमें दो को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। इसमें ऑटो चालक की भी इलाज की दौरान मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मुख्यालय की ओर से मौरंग लेकर तेज रफ्तार आ रहा रिक्शा अनियंत्रित हो गया। इसे बचाने में कुंडौरा से सवारी भरकर आ रहा ऑटो सामने से आ रही बोलरो से टकराकर पलट गया। अचानक हुए हादसे के बीच पीछे से आ रही बाइक भी आटो से भिड़ गई। हादसे में ऑटो सवार दरियापुर गांव के पूर्व प्रधान स्व.रामसजीवन प्रजापति की पत्नी शकुंतला (50) व रामकिशुन (60) पुत्र लक्ष्मण निवासी कुंडौरा की मौके पर मौत हो गई।
इसके अलावा ऑटो चालक राजेश कुशवाहा (35) पुत्र भगवानदीन, मालती (45) पत्नी जयकिशोर व उसकी पुत्री जयदेवी (18) निवासी कुंडौरा, अर्जुन सिंह (37) पुत्र रणविजय सिंह निवासी नरायनपुर, रामऔतार (40) पुत्र रामाधीन निवासी कुंडौरा तथा बाइक सवार अन्नू (25) पुत्र जयकरन साहू व राकेश सिंह (40) पुत्र रणविजय सिंह निवासीगण नरायनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो की घायल सवारियों को सदर अस्पताल भेजा गया।
बाइक सवारों को कस्बे की पीएचसी में भेजा गया। बाइक सवारों की हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया। ऑटो चालक राजेश कुशवाहा व सवारी मालती की हालत नाजुक होने पर सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान राजेश ने भी दम तोड़ दिया। बोलेरो चालक घटना के बाद वाहन को लॉककर मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव मयफोर्स घटनास्थल पर पहुंचे और सभी को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौरंग रिक्शा की लापरवाही से घटना घटित हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। क्षतिग्रस्त वाहनों को फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी पर खड़ा कराया गया है।