शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन लोग भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। हादसे में वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसकी नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक चला रहे युवक को मामूली चोटें आईं हैं। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस की माने तो मृतक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय कोतवाली के करहिया गांव निवासी श्रीकृष्ण की बेटी की शादी है। इसमें शामिल होने सिसोलर थानाक्षेत्र के बैजेमऊ गांव निवासी पप्पू (40), पिता गोरेलाल (60) व बेटी हिना (20) को बाइक पर बैठाकर गांव जा रहा था। गुरदहा मार्ग पर दोपहर करीब तीन बजे सामने से आ रही भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह घायल हुए गोरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी नातिन हिना पुत्री पप्पू के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हैं। हिना टक्कर लगने से छिटककर दूर जा गिरी।
जबकि पप्पू को मामूली चोटें आईं। पीड़ित पप्पू ने बताया कि घटना की सूचना उसने यूपी 100 को दी। वह लोग हेलमेट नहीं लगाए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा है। बैजेमऊ और करहिया के लोगों का अस्पताल में जमावड़ा लगा है।