फोटो 06 एचएएमपी 07- कोतवाली परिसर में पुलिस हिरासत में खड़े दो आरोपी। संवाद
हमीरपुर। पुलिस ने सुनसान इलाकों में खड़े ट्रकों से ईसीएम (इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल मॉड्यूल) चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से तीन ईसीएम डिवाइस और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। सोमवार को दो आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
बीते चार अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत संदीप निषाद के कार्यालय के सामने से ट्रकों से ईसीएम डिवाइस चोरी हुई थी। कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने सोमवार को रोहन नाला के पास बन रहे बाईपास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में कानपुर नगर के घाटमपुर निवासी उमान (19) और रजत साहू (21) शामिल हैं। एक नाबालिग आरोपी के खिलाफ विधिक प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने चोरी हुए तीन ईसीएम डिवाइस और पेचकस, पिलास, पाना रिंच जैसे उपकरण बरामद किए। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि आरोपी चोरी किए गए ईसीएम डिवाइसों को सस्ते में बेच देते थे।
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में बड़ा नेटवर्क जुड़ा हुआ है। घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।