राठ (हमीरपुर)। किशोरी को बोलेरो से कुचलने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पिता ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल किशोरी को झांसी से दिल्ली रेफर किया गया है।
नगर के चरखारी रोड स्थित नई बस्ती निवासी शिवकुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया कि 26 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे उनकी बेटियां खुशी (15) और कोमल (13) अपनी सहेलियों सौम्या और रिया तथा नाना हृदेश कुमार तिवारी के साथ टहलने गई थीं। लौटते समय गलत दिशा से आई बोलेरो ने उनकी बेटियों को टक्कर मार दी। आरोप है कि खुशी गाड़ी के नीचे फंस गई, जिसे चालक करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया। शोर मचाने पर गाड़ी में सवार लोग जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि शिवकुमार के शिकायती पत्र पर चरखारी रोड निवासी हिमांशु, देवेंद्र, प्रेमचंद्र और संजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उन्होंने बताया कि हिमांशु, देवेंद्र और प्रेमचंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। (संवाद)