मुस्करा। कस्बे के छह थोक कछवात मोहल्ले में चोरों ने एक घर से लाखों रुपये कीमत के जेवर व नकदी पार कर दी। सुबह गृहस्वामी को चोरी की जानकारी हो सकी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने घटना स्थल पर पड़ताल की है।
छह थोक कछवात मोहल्ला निवासी अर्जुन सिंह राजपूत उर्फ अकेला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात चोर उसके मकान की दीवार फांद कर अंदर घुसे। चोर अंदर वाले कमरे में रखा बक्सा पड़ोसी के खाली पड़े मकान में ले गए। ताला तोड़कर उसमें रखे 1.80 लाख रुपये सहित सोने का महाराजा हार, आठ सोने की अंगूठी, जंजीर, चूड़ा, एक जोड़ी झुमकी, हथफूल, चार लाकेट, चांदी की हाथपेटी, करधनी, आठ जोड़ी पायल एवं बिछिया ले गए।
चोरी की जानकारी मिलते ही सीओ अभय कुमार राय, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने गहनता से जांच की। वहीं जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वॉयड व फॉरेंसिक टीम ने भी बारीकी से छानबीन की। सीओ ने पुलिस को एक सप्ताह के अंदर घटना का खुलासा करने को निर्देशित किया।