हमीरपुर। दीपावली पर्व पर बिजली, पानी की कोई परेशानी नहीं होगी। नगर को साफ सुथरा भी रखा जाएगा। इसके लिए जिम्मेदारों ने तैयारी पूरी कर ली है। इसी के साथ स्वास्थ्य सेवाएं भी चाकचौबंद रहेंगी। कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। कहीं भी कोई समस्या होने पर जनपद के कंट्रोल रूम नंबर 05282- 225662 पर कॉल करके उपभोक्ता शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
दीपावली पर्व को लेकर विभागाध्यक्षों ने तैयारी की है। जिले में अग्निशमन विभाग ने चिंहित सभी पटाखा बाजारों में दमकल की गाड़ी के साथ जवानों को तैनात किया है। इसके अलावा सीएफओ रेहान अली लगातार गश्त कर रहे है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। इसके अलावा नगर पालिका प्रशासन ने साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए है।
अधीक्षण अभियंता विद्युत ज्ञानचंद्र यादव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी छह दिन 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। इसके लिए जिले के 144 फीडरों पर कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सभी अवर अभियंताओं को भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कहीं भी कोई समस्या होने पर उपभोक्ता विभाग के कंट्रोल नंबर पर सूचना दर्ज करा सकते हैं। समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा।
जल संस्थान के सहायक अभियंता राहुल सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व में उपभोक्ताओं को नलकूपों से सीधे 12 घंटे जलापूर्ति दी जा रही है। यह सुबह पांच बजे से 11 बजे तक और शाम चार बजे से 10 बजे तक जलापूर्ति की जाएगी। साथ ही टंकी से सुबह छह बजे से नौ बजे तक और शाम छह बजे से रात नौ बजे तक जलापूर्ति की जाएगी। उपभोक्ता पेयजल संबंधी शिकायत विभाग के कंट्रोल रूम नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। समस्या का समाधान कराया जाएगा।
लगाए गए 599 सफाई कर्मी
डीपीआरओ जीतेंद्र मिश्रा ने बताया कि सभी एडीओ को साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिले की सभी 330 ग्राम पंचायतों में दो-दो कर्मचारी लगाए गए हैं। कुल 599 सफाई कर्मी तैनात हैं, जो साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ कर रहें हैं।
-
जिला पुरुष व महिला अस्पताल में रोस्टर के मुताबिक तैनात रहेंगे कर्मी
दीपावली त्यौहार को लेकर जिला पुरुष अस्पताल में इमरजेंसी, ओपीडी व भर्ती वार्ड में रोस्टर के मुताबिक सभी कर्मी तैनात किए गए हैं। प्रभारी सीएमएस डॉ. एके सिंह ने बताया कि 12 बेड अतिरिक्त बढ़ाए गए हैं। वहीं जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. केएस मिश्रा ने बताया कि एसएनसीयू वार्ड सहित भर्ती वार्ड में तीनों पालियों में कर्मचारी तैनात रहेंगे। डिलेवरी सहित सभी आकस्मिक व्यवस्थाएं कराई गई हैं। 10 बेड भी बढ़ाए गए हैं। हालांकि सीएचसी व पीएचसी स्तर पर सीएमओ द्वारा कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। इससे लोगों को आपातकालीन स्थित पर जिला अस्पताल की सेवाएं लेनी पड़ सकती हैं।
दीपावली पर आपातकालीन नंबर
1- विद्युत विभाग कंट्रोल रूम नंबर - 8004947753
2- जल संस्थान कंट्रोल रूम नंबर - 9450177163
3- फायर कंट्रोल रूम नंबर - 112, 101, 9454418596
04- जिला कंट्रोलरूम नंबर - 05282- 225662