राठ (हमीरपुर)। जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है। पेट्रोलियम एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस का अनावश्यक भंडारण न करें।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कोर कमेटी के अध्यक्ष व पेट्रोलियम एसोसिएशन हमीरपुर के रविंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरे जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति कानपुर और झांसी से नियमित रूप से हो रही है। इसी प्रकार एलपीजी गैस की सप्लाई भी कानपुर से हो रही है और फिलहाल किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम को छह माह के लिए लागू कर दिया है।
इसलिए किसी भी प्रकार का अनावश्यक भंडारण नियमों के विरुद्ध है। लोगों से अपील की गई है कि पेट्रोल को बोतल या केन में भरकर ले जाने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि फिलहाल कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं। जबकि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उम्मीद है कि अगले दो-चार दिनों में कॉमर्शियल गैस से जुड़ी समस्या का भी समाधान हो जाएगा।