- दुर्घटना की दृष्टि से चौराहों व तिराहों में लोनिवि ने कराए थे सुधार कार्य
फोटो 09 एचएएमपी 22- शहर के लक्ष्मीबाई तिराहे पर हाईवे में सवारी बैठाते रोडवेज बस चालक। संवाद
फोटो 09 एचएएमपी 23- जीजीआई कार्यालय के सामने सड़क पर खड़े डग्गामार वाहन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शहर के लक्ष्मीबाई तिराहे को दुर्घटना की दृष्टि से अति संवेदनशील माना जाता है। उप संभागीय परिवहन विभाग की डीएम को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर लोनिवि ने हाल ही में तिराहे पर टॉप ब्रेकर बनाकर आवश्यक सुरक्षा के उपाय किए लेकिन इस प्रकार के तमाम उपायों पर अतिक्रमणकारी पानी फेर रहे हैं। टू-लेन हाईवे के दोनों हिस्से पर वाहनों की पार्किंग बन गई है। शहर के अंदर भी इनका चौराहों व तिराहों में जमावड़ा रहता है। इससे हादसों का अंदेशा बना रहता है।
लक्ष्मीबाई तिराहा कानपुर-सागर हाईवे पर स्थिति है। इस हाईवे से गुजरते हुए मुख्यालय के अंदर और चौरा देवी मंदिर के लिए रास्ता जाता है। मुख्यालय के अंदर जनपद न्यायालय, तहसील, कलक्ट्रेट, अस्पताल व बस अड्डा के कारण यह तिराहा दुर्घटना की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। बीते माह लोनिवि ने लक्ष्मीबाई तिराहा, बेतवा पुल व यमुना पुल पर सड़क के दोनों ओर टॉप ब्रेकर बनवाए थे। लोक निर्माण विभाग की इस कवायद से भारी वाहन इन ब्रेकर पर वाहन धीमा कर गुजरते हैं लेकिन, डग्गामार वाहन सड़क के दोनों ओर अवैध स्टैंड बनाकर सड़क पर ही सवारियां भरते-उतारते हैं।
शहर निवासी बिनोद का कहना है कि शहर के अंदर कहीं भी पार्किंग के इंतजाम नहीं हैं लेकिन डग्गामार वाहन तहसील तिराहा, पुलिस लाइन, एसपी कार्यालय के सामने, बस अड्डा, लोनिवि के सामने, दीक्षित तिराहा, अस्पताल तिराहा, कालपी चौराहा आदि स्थानों पर वाहन स्टैंड बनाकर सवारियां भरते व उतारते हैं। वहीं, सड़क के किनारे रेवड़ी-ठेली वाले भी अपनी दुकानें लगाते हैं। इससे दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं। प्रशासन को तिराहे से इस प्रकार के अतिक्रमण को हटाना चाहिए। एसडीएम केडी शर्मा ने बताया कि मौके का निरीक्षण करके अतिक्रमण व अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
-
नो पार्किंग पर 134 चालान
यातायात प्रभारी हरवेंदर सिंह ने बताया कि सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही हैं। मुख्यालय में जगह का अभाव होने के कारण पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। बीते जनवरी माह में नो पार्किंग पर 134 वाहनों के चालान काटे गए हैं।