बिवांर (हमीरपुर)। बिवांर थाना क्षेत्र के हिमौली गांव में घर से 13 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी की घटना में पुलिस माह भर बाद भी खाली हाथ है। पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए चित्रकूट धाम मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
हिमौली निवासी तौफीक अहमद पुत्र दिवंगत हफीजुद्दीन ने डीआईजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 11 जून की मध्यरात्रि वह अपने मकान में सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने खिड़की उखाड़कर घर में प्रवेश किया और एक बक्सा व दो ट्रॉली बैग चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार घटना की जानकारी सुबह जागने पर हुई।
गांव के पंचायत भवन में एक बक्सा, दो ट्रॉली बैग और अन्य सामान बिखरा मिला। जांच करने पर बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। पीड़ित ने बताया कि 12 जून को घटना की सूचना बिवांर थाना पुलिस को दी गई थी लेकिन अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई थी जिसकी विवेचना की जा रही है।