सरीला। थाना जलालपुर के ममना गांव में बुधवार रात घर के कमरे में जमीन पर सो रहे युवक को जहरीले कीड़े ने काट लिया। जानकारी होने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक कराने में जुटे रहे। इसी दौरान युवक की मौत हो गई।
गांव निवासी मातादीन अनुरागी (32) बुधवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह घर के कमरे में जमीन पर सो रहा था। रात में किसी जहरीले कीड़े ने उसे काट लिया। परिजन को जानकारी होने पर उन्होंने झाड़-फूंक करानी शुरू कर दी। हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।