सायर गांव में घटना स्थल पर घायल को देखती पुलिस।
- फोटो : Amar ujala
थानाक्षेत्र के सायर गांव में गुरुवार को पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते दो पक्षों में गोली चल गई। इसमें एक युवक घायल हुआ है। जिसे महोबा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, ताबडतोड़ फायरिंग के बीच एक टवेरा कार जूनियर स्कूल की बाउंड्री तोड़ते हुए जा घुसी। जिसमें चालक घायल हो गया। जिसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने वाहन से एक रिवाल्वर बरामद की है। इस घटना की सूचना पर एसडीएम और सीओ सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस इस मामले को हादसे से जोड़ रही है। अभी किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
गुरुवार शाम करीब छह बजे सायर गांव में दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। जिससे लोग सहम गए। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कई लोगों से जानकारी ली गई तो कोई बोलने को तैयार नहीं हुआ। इस बीच एक वृद्धा ने कहा फायर हुए हैं। दबी जुबान सें कुछ लोगों ने दो पक्षों में पुरानी चुनावी रंजिश की वजह से फायरिंग होने की बात कही है।
लोगों ने बताया कि फायरिंग के दौरान भागने के प्रयास में एक टवेरा कार सड़क किनारे स्थित जूनियर हाईस्कूल की बाउंड्री को तोड़ते जा घुसी। जिससे कार चालक अमित उर्फ माडौ निवासी निवादा बुरी तरह जख्मी हो गया। मौके पर पहुंचे एसआई रामकिशन यादव ने अपने हमराहियों की मदद से उसे वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
एसआई ने गाड़ी की तलाशी ली तो उससे एक रिवाल्वर व मोबाइल बरामद हुआ। वहीं पुलिस फ ायरिंग के बारे में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए सिर्फ एक्सीडेंट होना बता रही है। उधर गोली चलने से उपरी गांव निवासी उमेश (30) पुत्र बसंता घायल हुआ है। वह महोबा सदर अस्पताल में भर्ती है। मौके पर पहुंचे एसडीएम रिजवान अहमद व सीओ आरएन सिंह ने कहा कि अभी वह ग्रामीणों से घटना की जानकारी ले रहे हैं। बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार सायर निवासी मुन्ना पट्टीदार की है। ड्राइवर को सदर अस्पताल भेजा गया है, उसके होश मे आने पर ही सही जानकारी मिल सकेगी।