मौदहा में रोते बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : Amar ujala
कस्बे के क्योटरा मोहल्ला निवासी एक युवक की बीती देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी साली का तिलक लेकर जा रहा था। हादसे से घर में मातम है। परिजन व पड़ोसी एकत्र हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
क्योटरा मोहल्ला निवासी सुरेंद्र कुमार (23) पुत्र कल्लू की साली का तिलक बीती रात परछछ गांव जा रहा था। सुरेंद्र बाइक से ही रात करीब आठ बजे तिलक में सम्मिलित होने के लिए निकला था। जैसे ही अरतरा गांव से वह परछछ की ओर बढ़ा, तभी मोड़ पर असंतुलित होकर बाइक सहित गिर गया। इसी के कुछ देर बाद सुरेंद्र का मामा अभिषेक कुमार बाइक से आ रहा था। उसने सुरेंद्र की हालत देखकर उसे अन्य लोगों की मदद से कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद तिलक की खुशियां काफूर हो गईं। वहीं शव लाते समय किसी वाहन ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। जिससे उसका पिता कल्लू भी चुटहिल हो गया। सुबह से ही सुरेंद्र के आवास क्योटरा मोहल्ला में आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। मृतका की पत्नी व बच्चों सहित माता-पिता को लोग सांत्वना देते रहे। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। चिकित्सकों के मुताबिक उसके सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। शव का कानपुर में पोस्टमार्टम कराया गया है।