हमीरपुर। कलक्ट्रेट परिसर का गोल चबूतरा लंबे समय से बदहाल है। यहां पर धरना प्रदर्शन करने वालों को धूप व बारिश में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को अमर उजाला ने प्रकाशित किया तो जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने इसे संज्ञान में लिया। कार्ययोजना को स्वीकृति मिलने के बाद बजट भी प्राप्त हो गया। लोकनिर्माण विभाग जीर्णोद्धार कराएगा।
कलक्ट्रेट में गोल चबूतरा बना हुआ है। इसकी छतरी में लगी टीन चद्दर पूरी तरह से खराब हो चुकी है। जगह जगह से टूट रही है, इससे यहां पर बैठने वालों को परेशानी हो रही थी। भाकियू की ओर से भी इसके मरम्त का मुद्दा उठाया गया। इसके पहले अमर उजाला ने भी इस समस्या को प्रकाशित किया। खबर का असर यह रहा कि जिलाधिकारी ने इसकी कार्ययोजना बनवाई और उसे स्वीकृत कराया। गोल चबूतरा समेत कलक्ट्रेट में शौचालय की पाइप लाइन, पानी सप्लाई की लाइन, टंकियों के ओवरफ्लो पाइपों को बदलने के अलावा एडीएम दफ्तर की पुताई के लिए 7.20 लाख बजट भी मिल गया। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को बजट दे दिया गया है। अब माना जा रहा है कि जल्द ही गोल चबूतरा की सूरत बदल जाएगी।