महोबा। शहर के बंधानवार्ड स्थित रायफल क्लब के दिन बहुरेंगे। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत रायफल क्लब में सुंदरीकरण का काम कराया जाएगा। इसको लेकर पालिका प्रशासन की ओर से कार्ययोजना तैयार की गई है। यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो जल्द ही रायफल क्लब के कायाकल्प का काम शुरू होगा।
बंधानवार्ड स्थित रायफल क्लब का सुंदरीकरण कराए जाने के लिए काफी समय से मांग चल रही थी। ताकि रायफल क्लब बेहतर व्यवस्थाओं से सुसज्जित हो सके। पालिका प्रशासन ने इस मांग को गंभीरता से लिया। पिछले दिनों आयोजित पालिका की बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को प्रमुखता के साथ रखा गया। इसे बोर्ड की ओर से स्वीकृत किया गया। इससे अब रायफल क्लब में सुंदरीकरण का कार्य कराए जाने का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत रायफल क्लब में यह काम कराया जाएगा। काम पूरा होने के बाद रायफल क्लब में पहुंचने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। पालिका ईओ अवधेश कुमार का कहना है कि शहर में स्थित रायफल क्लब के सुंदरीकरण का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।