मौदहा (हमीरपुर)। खैरार-भीमसेन रेलखंड के अंतर्गत रागौल-अकोना स्टेशन के बीच स्थित समपार फाटक संख्या S-17 पर अंडरपास निर्माण कार्य के तहत आरसीसी बॉक्स पुशिंग का काम शुरू किया जा रहा है। इस कारण रेलवे फाटक को 15 मई से 15 दिनों के लिए बंद रखा जाएगा।
रेलवे विभाग के अनुसार समपार संख्या S-17 किलोमीटर संख्या 1335/6-7 पर स्थित है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग से सभी प्रकार के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। इससे क्षेत्रीय लोगों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
रेल प्रशासन ने छोटे और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। छोटे वाहनों को समपार के पास स्थित चंद्रावल ब्रिज से होकर निकाला जाएगा। वहीं ट्रक, बस और अन्य भारी वाहनों के लिए बांदा-टिकरी बुजुर्ग-सिसोलर होते हुए मौदहा मार्ग तय किया गया है।
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने लोगों से निर्माण कार्य के दौरान सहयोग बनाए रखने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है।